बिलासपुर: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोंगसरा में वार्षिक परीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई है। 9वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षा के लिए 4 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन परीक्षा शुरू होने के बाद भी केवल एक शिक्षक ही केंद्र पर मौजूद रहा।
सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे तक केंद्र में सिर्फ शिक्षक कौशल कुर्रे ही उपस्थित थे, जबकि अन्य तीन शिक्षक अनुपस्थित रहे। इस कारण पूरी परीक्षा व्यवस्था एक ही शिक्षक के भरोसे संचालित होती रही। उन्होंने अकेले ही प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं बांटीं और सभी कक्षाओं की निगरानी भी की।
इस अव्यवस्था को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ट्रेन से आने-जाने का असर
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पदस्थ अधिकांश शिक्षक बिलासपुर में रहते हैं और रोजाना ट्रेन से खोंगसरा आते-जाते हैं। ट्रेन की देरी या समय पर उपलब्धता नहीं होने के कारण स्कूल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण दिन पर भी शिक्षक समय पर नहीं पहुंच सके।
जांच के आदेश
मामले में कोटा एसडीएम अरविंद कुमार ने कहा है कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।





