बिलासपुर। बिलासपुर के खपरगंज इलाके में सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाने के TI रविशंकर तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
मारपीट के बाद दोनों पक्षों में पथराव
जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और विवाद बढ़ गया। कुछ ही देर में दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी बात सामने आई है।
TI के सिर में लगी चोट, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
पथराव के दौरान तारबाहर TI रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई बार बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद पुलिस ने युवकों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
कलेक्टर-SSP ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर युवकों को समझाइश दी गई, जिसके बाद माहौल को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
देर रात तक तनावपूर्ण रहा माहौल
पथराव के बाद कोतवाली थाने में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़कों पर युवकों की भीड़ नारेबाजी करती नजर आई। देर रात तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।





