तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम भाड़म में करंट लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दसन बाई सिंगरौल और उनके दो पुत्र विवेक सिंगरौल (23) तथा सत्यव्रत सिंगरौल (14) शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, दसन बाई शुक्रवार सुबह खेत में जानवरों को रोकने के लिए GI तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस दौरान उनके दोनों बेटे भी साथ थे। तभी तीनों किसी तरह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
शाम को घर लौटे मृतका के पति सीताराम सिंगरौल ने पत्नी और बेटों को घर पर नहीं पाया। तलाश करने पर खेत में तीनों के शव पड़े मिले, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि, खेत में करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।





