बिलासपुर। बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
घटनास्थल से मिले कुछ सुराग
जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक जोड़ी चप्पल और युवक के हाथों में पहने कड़े मिले हैं। हालांकि, कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे मृतक की शिनाख्त हो सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।





