March 5, 2026

बिलासपुर अपडेट: कोटा में तलवारबाजी, लाखों की ठगी और पुलिस की ड्रोन निगरानी

बिलासपुर। कोटा इलाके में गाड़ी पार्किंग को लेकर दो रसूखदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि तलवार से हमला हो गया। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। विवाद के दौरान थाना परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई। एसएसपी रजनेश सिंह ने दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस नेता और पड़ोसी के बीच झगड़ा
कोटा रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले कांग्रेस नेता संतोष मिश्रा उर्फ छोटू और उनके पड़ोसी राम सोनी के बीच विवाद हुआ। दोनों पक्ष अपने सहयोगियों के साथ थाने पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति शांत की और दोनों को अस्पताल में लाकर मुलाहिजा कराया।

लाखों की ठगी में सरपंच समेत 5 गिरफ्तार
बिल्हा पुलिस ने 2.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पीड़ित को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगा। आरोपियों में सरपंच रिखीराम नवरंग, विजय राज, बृजबाई गोड, विमला बाई और वृहस्पति बाई गोड शामिल हैं। पुलिस ने उनसे 1.85 लाख रुपये नगद जब्त किए और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।

ड्रोन से निगरानी अभियान
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में नशाखोरी, अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ड्रोन आधारित अभियान चलाया जा रहा है। सिरगिट्टी और सरकंडा क्षेत्र में ड्रोन की मदद से कार्रवाई की गई।

बीट प्रणाली से 24 घंटे गश्त
शहर और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में बीट प्रणाली को लागू किया गया है। हर बीट में छह आरक्षक तैनात किए गए हैं। शहरी बीट में स्कूल, कॉलेज, बाजार और रेलवे स्टेशन शामिल हैं। ग्रामीण बीट में गांव, खेत-खलिहान और जलस्रोत शामिल हैं। बीट अधिकारी स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे।

नेशनल स्कूल गेम्स सॉफ्टबॉल स्पर्धा का उद्घाटन
बिलासपुर में 4 फरवरी से 8 फरवरी तक 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह जेल लाइन रोड स्थित छत्तीसगढ़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शाम 4 बजे होगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि रहेंगे।