March 5, 2026

बिलासपुर में पुरानी रंजिश का खूनी खेल: युवक की हत्या

बिलासपुर। पुरानी रंजिश के चलते दो बदमाशों ने मिलकर युवक सानू खान उर्फ अमन (26) की हत्या कर दी। शुक्रवार शाम 6.30 बजे जूना बिलासपुर के युवक को पचरी घाट में बुलाकर चाकू से गोद दिया गया। आरोपी विकास तिवारी और सैफ खान मौके से फरार हो गए। परिजनों ने युवक को सीधे सिम्स ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वह दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृत युवक और आरोपियों के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है।

यूजीसी बिल के विरोध में सर्व सवर्ण समाज का भारत बंद

बिलासपुर। यूजीसी बिल के विरोध में सर्व सवर्ण समाज ने भारी आक्रोश व्यक्त किया। 1 फरवरी को भारत बंद और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। समग्र सवर्ण समाज की बैठक में ब्राह्मण, अग्रवाल, सिंधी, गुजराती, महाराष्ट्रियन, तेलगू और क्षत्रीय समाज के पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 फरवरी को देवकीनंदन चौक पर एकत्र होकर कलेक्टर कार्यालय में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रतिनिधियों ने कहा कि यूजीसी कानून से जातिवाद बढ़ेगा और बच्चों की शिक्षा पर नकारात्मक असर होगा।

आधार अपडेशन के लिए विशेष शिविर

बिलासपुर। भारतीय डाक विभाग, बिलासपुर संभाग द्वारा 31 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ग्राम पंचायत और स्कूलों में विशेष आधार शिविर लगाए जा रहे हैं। नागरिक नए आधार कार्ड बनवाने के साथ नाम, पता, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं। शिविर ग्राम पंचायत रतंगा मरवाही, आंगनबाड़ी केंद्र बूटापारा, स्वामी आत्मानंद स्कूल कसेर पारा, ग्राम भारती, आईटीआई रामपुर कोलरी, बोंगापारा और अन्य केंद्रों पर आयोजित हैं।

गांजा बेचने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सिविल लाइन और सिरगिट्टी क्षेत्रों में गांजा बेचने वाले चार आरोपी गिरफ्तार किए गए। सिविल लाइन की महिला आरोपी केजा बाई (55) के पास से 200 ग्राम गांजा, श्रीमती जाहिरन बी (58) के पास से 220 ग्राम गांजा बरामद किया गया। सिरगिट्टी निवासी राजू दास मानिकपुरी (55) से 570 ग्राम और मन्नू यादव (26) से 593 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस मुख्य सप्लायरों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।