July 23, 2026

बिलासपुर में व्यापारी से दिनदहाड़े 3 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाश बैग छीनकर फरार

न्यायधानी बिलासपुर के व्यापार विहार क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक व्यापारी से 3 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी व्यापारी उमेश कुमार साहू व्यापारिक कार्य से व्यापार विहार स्थित थोक मंडी पहुंचे थे। उन्होंने लहसुन, प्याज और अन्य कृषि उत्पादों की खरीदारी के लिए नकद राशि साथ रखी हुई थी। खरीददारी के बाद जब वे अंडा चौक के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार दो नकाबपोश युवक काफी देर से व्यापारी का पीछा कर रहे थे। मौका मिलते ही उन्होंने व्यापारी के हाथ से 3 लाख रुपये से भरा बैग छीना और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।