May 14, 2026

चलती ट्रेन से नाबालिग को धक्का देकर हत्या, बॉयफ्रेंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में चलती ट्रेन से नाबालिग लड़की को धक्का देकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है, जहां रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की पहचान बाद में खैरागढ़ निवासी 14 वर्षीय किशोरी देविका वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उसके बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका का डोंगरगढ़ निवासी मोहन वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। 28 मार्च को वह अपने मामा की शादी में खैरागढ़ आई हुई थी। इसी दौरान वह बिना परिजनों को बताए अपने बॉयफ्रेंड और उसके दो साथियों (हरीश वर्मा और एक नाबालिग) के साथ घर से निकल गई।

डोंगरगढ़ पहुंचने के बाद चारों वेनगंगा एक्सप्रेस ट्रेन से कोरबा के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो धक्का-मुक्की में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आकर मोहन ने लड़की को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रेलवे ट्रैक पर मिला शव

इधर, 28 मार्च की रात से किशोरी के लापता होने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और 29 मार्च को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं 30 मार्च को मस्तूरी पुलिस को ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव मिला।

पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए। 31 मार्च को परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुष्टि हुई कि शव देविका वर्मा का ही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर आरोपी मोहन वर्मा, उसके साथी हरीश वर्मा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।