बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात हुए बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पथराव और तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद समेत अन्य आरोपियों पर FIR दर्ज की थी। इसके बाद संदिग्धों की धरपकड़ शुरू की गई। पुलिस ने पहले 16 लोगों को हिरासत में लिया था, जबकि अब दोनों पक्षों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अपराध क्रमांक 488/2026 में 8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक अपराध क्रमांक 488/2026 के तहत 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले लोग शामिल हैं।
इनमें मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं।
अपराध क्रमांक 489/2026 में 3 गिरफ्तार
वहीं, अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू के रूप में हुई है। राजू यादव और राकेश यादव कुंदरापारा के रहने वाले हैं, जबकि छत्रपाल साहू डबरीपारा निवासी है।
8 वाहनों और दुकान में तोड़फोड़
बवाल के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों और एक दुकान को नुकसान पहुंचाया था। जानकारी के मुताबिक 6 चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक बाइक में तोड़फोड़ की गई। पथराव के चलते एक मकान की खिड़कियों के कांच भी टूट गए।
पथराव में 9 पुलिसकर्मी घायल
स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिसकर्मी भी पथराव की चपेट में आ गए। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। टीआई के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों का उपचार कराया गया।
खपरगंज समेत कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस बल के अलावा दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाकर तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग की जा रही है।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
CCTV और ड्रोन से आरोपियों की पहचान
पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही ड्रोन के जरिए भी इलाके की निगरानी कर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





