March 3, 2026

बिलासपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रहंगी प्रवास में भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच बहस, कार्यक्रम बाद में सुचारु

बिलासपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रहंगी प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। सूत्रों के अनुसार, कुछ भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का स्वागत करने आगे बढ़ रहे थे, जिसे सुरक्षा में तैनात जवानों ने निर्धारित क्षेत्र से आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस तेज़ हो गई।

स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं ने हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। काफी प्रयासों के बाद मामला शांत हुआ और कार्यक्रम सुचारु रूप से जारी रहा। घटना के दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी रहा।

मुख्यमंत्री साय वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस अवसर पर वे 263 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जिनमें सड़क, पुल, अस्पताल और सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कई ग्रामीण मार्गों का उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये की राशि भी अंतरित करेंगे।