बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तोरवा थाना क्षेत्र में एक नाले से अर्धनग्न अवस्था में महिला का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
रेलवे परिसर के पास मिला शव
जानकारी के अनुसार, घटना तोरवा थाना क्षेत्र के रेलवे परिसर के पास स्थित तितली चौक की है। स्थानीय लोगों ने नाले में एक महिला का शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पहचान कराने का प्रयास
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थानों में भेजी गई है और गुमशुदगी के मामलों से भी उसका मिलान कराया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





