बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदी कला की है, जहां सोमवार सुबह किचन में चाय बनाते समय महिला करंट की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 40 वर्षीय आशा देवी रजक के रूप में हुई है। रोज की तरह वह सुबह घर के किचन में चाय बनाने गई थीं। इसी दौरान किचन के टीन शेड में प्रवाहित हो रहे करंट के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और डायल-112 की टीम ने महिला को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में घर की विद्युत वायरिंग में खराबी या करंट लीकेज की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





