September 4, 2026

Bilaspur News: नेपाल आपदा के बाद बिलासपुर की महिला लापता, 25 अगस्त को हुई थी आखिरी बार बात; प्रशासन तलाश में जुटा

बिलासपुर। नेपाल में आई आपदा के बाद छत्तीसगढ़ के कई लोगों के लापता होने की खबर सामने आ रही है। इसी बीच बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी मंजू रॉय चौधरी से भी संपर्क टूट गया है। परिजनों की उनसे 25 अगस्त को आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन ने भी महिला की तलाश के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।

30 लोगों के दल के साथ नेपाल गई थीं मंजू

जानकारी के मुताबिक, मंजू रॉय चौधरी 21 अगस्त को कोलकाता से करीब 30 लोगों के दल के साथ नेपाल के लिए रवाना हुई थीं। उनका नेपाल में 3 सितंबर तक रुकने का कार्यक्रम था। इसी दौरान नेपाल में आई आपदा के बाद उनसे परिजनों का संपर्क टूट गया।

बताया जा रहा है कि मंजू बिलासपुर में अकेली रहती थीं, जबकि उनके परिजन कोलकाता में रहते हैं। नेपाल यात्रा में उनके साथ गए अन्य लोगों के संपर्क नंबर भी परिजनों के पास उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उनकी जानकारी जुटाने में परेशानी हो रही है।

जिला प्रशासन ने शुरू की पतासाजी

मंजू से संपर्क नहीं होने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है। उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए बिलासपुर जिला प्रशासन ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रशासन संबंधित स्तर पर संपर्क कर महिला की लोकेशन और सुरक्षित होने की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।