बिलासपुर। शहर के दयालबंद इलाके में भाई से विवाद के बाद एक युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद मोहल्ले के दो युवकों ने समझाइश देकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
भाई से विवाद के बाद घर से निकला युवक
जानकारी के मुताबिक, युवक कुंदन केसरी का अपने भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच बहस के बाद नाराज होकर कुंदन घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह दयालबंद स्थित गुरुनानक स्कूल के पास हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।
युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने के लिए समझाइश शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर जमा हो गए।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मोहल्ले के दो युवकों ने कुंदन को समझाकर नीचे उतरने के लिए राजी किया। उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने की पूछताछ
नीचे उतारने के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ की। कुंदन केसरी ने बताया कि उसका भाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी से नाराज होकर वह घर से निकल गया और बाद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।





