बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने सरेराह खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से युवक की जान बच गई, हालांकि वह गंभीर रूप से झुलस गया है।
घटना के दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। पहले फुटेज में युवक एक पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल भरवाते हुए दिखाई देता है। इसके बाद दूसरे फुटेज में वह सड़क किनारे बाइक रोककर खुद पर पेट्रोल छिड़कता है और आग लगा लेता है। आग लगते ही वह दर्द से तड़पते हुए सड़क पर गिर जाता है। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर आग बुझाई।
इस घटना में युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है। गंभीर हालत में उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान मनजीत जायसवाल, निवासी पौसरी गांव के रूप में हुई है। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।





