बिलासपुर। पश्चिमी एशिया में जारी तनाव के बीच दुबई में पिछले नौ दिनों से फंसे छत्तीसगढ़ के तीन युवकों की शुक्रवार तड़के भारत में सुरक्षित वापसी हो गई। तीनों युवक आपस में दोस्त हैं और दुबई घूमने गए थे, लेकिन वहां युद्ध जैसे हालातों के कारण वे वापस नहीं लौट पा रहे थे।
जानकारी के अनुसार युवकों की भारत वापसी के लिए पहली फ्लाइट 28 फरवरी और दूसरी 3 मार्च को तय थी, लेकिन दोनों बार टिकट रद्द हो गई। इसके बाद उन्हें 5 मार्च की अगली फ्लाइट में टिकट मिली और शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे तीनों सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि दुबई में फंसे युवकों में से एक शिवम ने वीडियो जारी कर वहां के हालात की जानकारी देते हुए भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से मदद की अपील की थी। वहीं परिजनों ने भी उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर चिंता जताते हुए हरसंभव प्रयास किए। युवकों के भारत लौटने की खबर मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
कोटा में रहने वाले शिवम मिश्रा ने फोन पर बताया था कि वे अपने दोस्तों आकाश और आयुष के साथ घूमने के लिए दुबई गए थे। इसी दौरान ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण वहां से लौटने वाली कई फ्लाइटें लगातार रद्द हो रही थीं, जिससे उनकी वापसी में देरी हो गई।
हालांकि इस दौरान तीनों युवक वीडियो कॉल के माध्यम से अपने परिजनों के संपर्क में बने रहे और उन्हें लगातार स्थिति की जानकारी देते रहे। अब सुरक्षित भारत लौटने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।





