महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश भर में किया गया। इस अवसर पर 6,412 जोड़ों ने दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रायपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इसी अवसर पर उन्होंने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ भी किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम स्व. श्री बी.आर. यादव बहतराई स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें बिल्हा जिले के 175 पात्र जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री दिलीप लहरिया, श्री अटल श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक श्री कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए एक संवेदनशील पहल है, जो आर्थिक सहायता के साथ बेटियों के विवाह को सम्मानजनक बनाती है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 35,000 रुपये की राशि, 1,000 रुपये परिवहन सहायता तथा विवाह के लिए वस्त्र, मंगलसूत्र और श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई।
महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वरदान है और इससे परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों और जिला सहकारी बैंक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





