May 14, 2026

बिरगांव में बम सामग्री मिलने से सनसनी, महापौर ने साले पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप

रायपुर। रायपुर के बिरगांव इलाके में एक मकान से बम बनाने की संदिग्ध सामग्री मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। बिरगांव नगर निगम के महापौर और कांग्रेस नेता नंदलाल देवांगन ने आरोप लगाया है कि उनके साले और भाजपा नेता विनय देवांगन ने उन्हें बम से उड़ाने या गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी थी। महापौर ने आशंका जताई है कि बरामद सामग्री किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है।

महापौर के आरोपों के बाद पुलिस ने विनय देवांगन की तलाश तेज कर दी है। उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि खमतराई इलाके के एक घर से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई थीं। पुलिस कमिश्नरेट की टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही गई है।

पुलिस के अनुसार, बिरगांव के रविशंकर शुक्ल वार्ड स्थित रावाभाठा इलाके में मितानिन पुष्पा साहू के घर बुधवार शाम विनय देवांगन एक बैग लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बैग कुछ समय के लिए रखने की बात कहकर वहां छोड़ दिया और चले गए। बैग को लेकर शक होने पर पुष्पा साहू ने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने पर पार्षद रात में मौके पर पहुंचे और अगले दिन सुबह जांच करने की बात कही। बुधवार सुबह पार्षद स्थानीय लोगों के साथ घर पहुंचे और बैग खोलकर देखा। बैग में एयर गन और देसी बम बनाने का सामान मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर नॉर्थ जोन पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं अब पुलिस विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी में जुटी हुई है।