रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अध्यक्षता में करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में आगामी संगठनात्मक रणनीति, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकोष्ठों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन महामंत्री पवन साय सहित सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर जोर दिया।
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को चार महत्वपूर्ण मंत्र दिए। उन्होंने कहा, “सिर पर बर्फ रखो” यानी हमेशा शांत और संयमित रहें, “मुंह में मिश्री रखो” यानी सभी से मधुर व्यवहार करें, “पैर में चक्र रखो” यानी संगठन के काम के लिए लगातार सक्रिय और गतिशील रहें तथा पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा रखें, जिससे संगठन में भाईचारा और एकजुटता बनी रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, अधिक से अधिक जनसंपर्क करने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।





