रायपुर। बीजेपी ने Gen-Z यानी युवा वोटर्स को पार्टी से जोड़ने के लिए नई टीम तैयार की है। इस टीम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी के साथ छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी शामिल किया गया है।
65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में पार्टी की नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में नई टीम में शामिल सभी 12 महिला सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
14 से 25 साल के युवाओं पर फोकस
भाजपा की नई टीम का मुख्य उद्देश्य Gen-Z यानी 14 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं को पार्टी से जोड़ना है। इसके लिए पार्टी की ओर से ‘युवा संवाद’ नाम से विशेष Gen-Z आउटरीच प्रोग्राम चलाया जाएगा।
यह अभियान अगले महीने से शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इसके तहत युवाओं से संवाद, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने तथा उन्हें पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों से जोड़ने पर फोकस किया जाएगा।
ओपी चौधरी को मिली अहम जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी का इस राष्ट्रीय टीम में शामिल होना प्रदेश के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा अब युवा वर्ग के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और संवाद आधारित अभियानों पर जोर दे रही है।





