May 14, 2026

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर कोरबा में जश्न, मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई

कोरबा | पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिले ऐतिहासिक और प्रचंड जनादेश के बाद कोरबा जिले में भी उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने टीपी नगर चौक में एकत्र होकर जोरदार तरीके से जीत का जश्न मनाया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया तथा आम नागरिकों के बीच मिठाई और झालमुड़ी का वितरण कर अपनी प्रसन्नता साझा की। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता इस अवसर पर मौजूद रहे और एक-दूसरे को बधाई देते हुए पार्टी की इस उपलब्धि पर उत्साह व्यक्त किया।

इस मौके पर मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा को मिला यह जनादेश केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं है, बल्कि यह जनता के विश्वास, आशाओं और आकांक्षाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जनता ने तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और “विकसित भारत” के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया है।

उन्होंने आगे कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह तथा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन के कुशल मार्गदर्शन, मजबूत संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर, श्री अमित टमकोरिया, श्री परविंदर सिंह, श्री राकेश नागरमल अग्रवाल, श्री प्रकाश अग्रवाल, पार्षद श्रीमती धनश्री साहू, श्री नरेंद्र देवांगन, श्री मोंटी पटेल, श्री अखिलेश पांडे, श्री लक्ष्मीकांत जोशी, श्रीमती कविता सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।