रायपुर। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी समेत पांच राज्यों में जारी मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बढ़त मिलती नजर आ रही है। खासतौर पर असम और पश्चिम बंगाल में पार्टी मजबूत स्थिति में बताई जा रही है, वहीं पुडुचेरी में भी एनडीए की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
इन रुझानों के बीच छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में जश्न का माहौल बन गया है। जैसे-जैसे भाजपा के पक्ष में खबरें सामने आ रही हैं, वैसे-वैसे कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मना रहे हैं। परिसर में आतिशबाजी भी लगातार जारी है, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव भी जल्द ही एकात्म परिसर पहुंच सकते हैं। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में और अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है।
चुनावी नतीजों के औपचारिक ऐलान से पहले ही रुझानों ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है।





