July 23, 2026

मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक, CM साय के नेतृत्व में बनी सदन की रणनीति

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले सत्ता पक्ष ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित की गई। बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा विधायक शामिल हुए। इस दौरान 13 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मानसून सत्र को लेकर सरकार की रणनीति पर मंथन किया गया।

सत्र की रणनीति पर हुई चर्चा

बैठक में सदन के दौरान सरकार की ओर से विभिन्न मुद्दों पर दिए जाने वाले जवाब, विपक्ष के संभावित सवालों का सामना करने की रणनीति, विभागों की तैयारियों की समीक्षा तथा सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायकों और सरकार के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

हर सवाल का जवाब देने को तैयार : गजेंद्र यादव

भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि विधायक दल की बैठक में आगामी मानसून सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सरकार पूरी तरह तैयार : केदार कश्यप

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार ने मानसून सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधायक दल की बैठक में सत्र के दौरान उठने वाले विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई है और सरकार हर मुद्दे पर अपना पक्ष रखने के लिए तैयार है।

उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही इस बार विधानसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा।

सत्र से पहले बढ़ीं राजनीतिक गतिविधियां

मानसून सत्र से पहले प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और सदन के संचालन पर चर्चा की। वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से अलग मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस

विपक्ष ने मानसून सत्र में कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, रायपुर के नकटी गांव का भूमि विवाद, बिजली-पानी संकट, सड़क निर्माण, मानसून की व्यवस्थाएं, खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई, बिजली आपूर्ति, धान खरीदी की तैयारी और विस्थापन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।

1,033 प्रश्न लगाए गए

आगामी मानसून सत्र के लिए अब तक विधायकों की ओर से 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं। प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

फिलहाल मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक जारी है। माना जा रहा है कि बैठक में विपक्ष के संभावित सवालों के जवाब और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से सदन में रखने की रणनीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है।