September 4, 2026

BJP विधायक पुरंदर मिश्रा का राहुल गांधी पर विवादित बयान, बोले- ‘सुबह ब्रश करेंगे तो बोली में शुद्धता आएगी’

रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी सुबह ब्रश करेंगे तो उनकी बोली में शुद्धता आएगी। विधायक ने यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी की कथित टिप्पणी को लेकर दिया है।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणी शोभनीय नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान की बात करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके भी प्रधानमंत्री हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।

‘पीएम के खिलाफ टिप्पणी करना दुखद’

भाजपा विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ राहुल गांधी की ओर से की गई टिप्पणी से वह सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

विभाजन विभीषिका दिवस पर भी दिया बयान

14 अगस्त को मनाए जा रहे विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी पुरंदर मिश्रा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त भारत के लिए एक दुखद तारीख है। उनके अनुसार इसी दिन स्वार्थी और असामाजिक तत्वों के कारण देश का विभाजन हुआ।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार लोग आज दुख भोग रहे हैं और उनकी पार्टी भी दुख भोग रही है। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उस दौर के दर्द और परिस्थितियों को समझ सकें।