March 4, 2026

दिल्ली दौरे से लौटे CM विष्णुदेव साय, नितिन नबीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर दी बधाई

दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय, कांग्रेस के आरोपों पर किया तीखा पलटवार।


✍️ रायपुर |

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार देर शाम दो दिवसीय दिल्ली दौरे से लौटकर रायपुर पहुंचे। यह दौरा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के सिलसिले में था। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और कैबिनेट मंत्री भी मौजूद थे।

दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के संगठनात्मक चुनावों में सहभागिता की। इस दौरान नितिन नबीन के निर्विरोध रूप से भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जहां संगठन महापर्व के तहत लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनाव कराए जाते हैं। स्थानीय समिति से लेकर मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न होते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव इसी प्रक्रिया का अंतिम चरण था, जिसमें देशभर के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


🏛️ छत्तीसगढ़ को मिलेगा संगठनात्मक अनुभव का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नितिन नबीन छत्तीसगढ़ को भली-भांति जानते हैं। छत्तीसगढ़ संगठन के प्रभारी रहते हुए उनके मार्गदर्शन में पार्टी ने चुनावों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी। उसी संगठनात्मक क्षमता और विश्वास के आधार पर वे निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ राज्य को जरूर मिलेगा।


🔥 कांग्रेस पर CM साय का पलटवार

कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि परिवारवाद अगर कहीं है तो वह कांग्रेस में है।

उन्होंने कहा, भाजपा में लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव होते हैं और समय-समय पर दायित्व बदलते रहते हैं, जबकि कांग्रेस में वर्षों से एक ही परिवार के लोग अध्यक्ष और शीर्ष पदों पर बने हुए हैं।


🤝 उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की प्रतिक्रिया

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने नितिन नबीन के साथ लंबे समय तक काम किया है।

उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन नए आयामों पर कार्य करेगा और नए प्रतिमान स्थापित करेगा। शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी में सभी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में एकजुट होकर काम करना होता है।