September 4, 2026

BJP की नई टीम में छत्तीसगढ़ को बड़ी जिम्मेदारी, रूप कुमारी चौधरी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष… दीपक महस्के बने सोशल मीडिया राष्ट्रीय संयोजक

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की बहुप्रतीक्षित नई टीम का ऐलान कर दिया गया है। नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी अहम प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद से भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।

रूप कुमारी चौधरी का राजनीतिक सफर

महासमुंद लोकसभा सीट से सांसद रूप कुमारी चौधरी भाजपा की जमीनी राजनीति में सक्रिय नेताओं में शामिल हैं। अघरिया समाज से आने वाली रूप कुमारी चौधरी इससे पहले बसना विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं। उन्होंने लंबे समय तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई है।

रूप कुमारी चौधरी का जन्म 5 जुलाई 1976 को महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के ग्राम धनापाली में हुआ। उन्होंने दसवीं तक शिक्षा प्राप्त की है। उनका विवाह 1 अप्रैल 1993 को सरायपाली ब्लॉक के ग्राम हर्राटार निवासी ओमप्रकाश चौधरी से हुआ। उनके एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत वर्ष 2005 में जिला पंचायत सदस्य चुने जाने के साथ हुई। इसके बाद 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के तत्कालीन विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार विधानसभा चुनाव जीता।

दीपक महस्के को सोशल मीडिया की कमान

भाजपा की नई टीम में छत्तीसगढ़ से दूसरा नाम दीपक महस्के का है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष महस्के की पहचान पार्टी के भीतर संगठनात्मक रणनीतिकार और आईटी एवं सोशल मीडिया से जुड़े नेता के तौर पर रही है।

भाजपा में उनकी प्रमुख पहचान आईटी सेल और डिजिटल संगठन से बनी। वर्ष 2014 में वे छत्तीसगढ़ भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक रहे और पार्टी के चुनावी अभियान में सोशल मीडिया व तकनीक के इस्तेमाल को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान भाजपा ने हाईटेक कॉल सेंटर और ऑडियो-ब्रिज जैसी तकनीकों का भी इस्तेमाल किया था।

वर्ष 2018 में भी महस्के भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक रहे। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया वॉलंटियर नेटवर्क को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने और क्षेत्रवार व्हाट्सऐप समूहों के जरिए संगठन से जोड़ने की दिशा में काम किया।

राजनीतिक मुद्दों पर आक्रामक तेवर

प्रदेश प्रवक्ता के रूप में दीपक महस्के कांग्रेस सरकार के खिलाफ विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा का पक्ष रखते रहे हैं। फरवरी 2023 में नगरीय निकायों में निर्माण नियमितीकरण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया था।

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मिली जिम्मेदारी के साथ अब छत्तीसगढ़ के दोनों नेताओं की भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ गई है। रूप कुमारी चौधरी महिला मोर्चा की कमान संभालेंगी, जबकि दीपक महस्के पार्टी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।