March 5, 2026

भाजपा का सहयोग केंद्र आज से फिर शुरू, मंत्री सुनेंगे कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याएं

रायपुर। प्रदेश भाजपा एक बार फिर कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुनने तथा उनके त्वरित निराकरण के उद्देश्य से पार्टी मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र की शुरुआत करने जा रही है। यह सहयोग केंद्र करीब तीन महीने के अंतराल के बाद आज 3 फरवरी से दोबारा शुरू हो रहा है।

भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के अनुसार, सहयोग केंद्र के पहले दिन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे। मंत्री के आगमन से पूर्व दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्री सीधे तौर पर कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। इस दौरान प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय भी मौजूद रहेंगे।

4 से 6 फरवरी तक ये मंत्री रहेंगे मौजूद

सहयोग केंद्र के कार्यक्रम के तहत
4 फरवरी को पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री अखिलेश सोनी,
5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के साथ प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन,
और 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के साथ प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रंजना साहू मौजूद रहेंगी।

2024 में हुई थी सहयोग केंद्र की शुरुआत

भाजपा सरकार के गठन के बाद वर्ष 2024 में पहली बार सहयोग केंद्र की शुरुआत की गई थी, लेकिन लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों के कारण यह व्यवस्था अधिक समय तक संचालित नहीं हो सकी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में सहयोग केंद्र दोबारा शुरू हुआ, जो करीब दो सप्ताह तक चला।

इस दौरान 11 मंत्रियों ने सहयोग केंद्र पहुंचकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इन दो सप्ताह में एक हजार से अधिक आवेदन और शिकायतें सामने आईं, जिनमें से बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। दीपावली के बाद इसे बंद कर दिया गया था।

विधानसभा सत्र के बीच संचालन चुनौती

अब एक बार फिर सहयोग केंद्र की शुरुआत ऐसे समय में की जा रही है, जब भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय जम्वाल ने आगामी तीन महीनों में प्रदेशव्यापी दौरे का निर्णय लिया है। वहीं 23 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। ऐसे में सहयोग केंद्र को निरंतर संचालित रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। बावजूद इसके भाजपा संगठन का दावा है कि कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और यथासंभव समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।