May 13, 2026

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज, 2028 चुनाव रणनीति पर मंथन

रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आज भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की गई है। बैठक में आगामी 2028 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने के साथ-साथ दो अहम प्रस्ताव पारित होने की संभावना है।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश विशेष रूप से मौजूद हैं। उनके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, पवन साय सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष भी शामिल हुए हैं।

करीब 400 नेताओं की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में संगठनात्मक रणनीति, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। जानकारी के मुताबिक बैठक में नक्सलवाद की समाप्ति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव लाया जा सकता है। वहीं महिला आरक्षण संशोधन बिल गिराने के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित होने की संभावना जताई जा रही है।