रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के लगातार संयुक्त दौरों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंत्री रामविचार नेताम और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने दोनों नेताओं की नजदीकियों पर तंज कसते हुए कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए। साथ ही समान नागरिक संहिता (UCC) और विपक्षी क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर भी कांग्रेस को घेरा।
‘बाबा को भेलपुरी खिला रहे हैं’ – रामविचार नेताम
मंत्री रामविचार नेताम ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “बाबा को भेलपुरी खिला रहे हैं, नट-बोल्ट वाले कड़कनाथ भी खिलाएं। दिल मिले या न मिले, आंखें जरूर मिला रहे हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसे प्रदेश अध्यक्ष बनाए या राष्ट्रीय स्तर पर कौन-सी जिम्मेदारी दे, यह पूरी तरह पार्टी का आंतरिक मामला है।
‘फिर हनीमून मना रहे हैं’ – पुरंदर मिश्रा
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी दोनों नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि “2018 में हनीमून की सरकार बनी, फिर उनका तलाक हो गया। अब एक बार फिर दोनों हनीमून मना रहे हैं।”
UCC पर कांग्रेस पर साधा निशाना
समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि UCC से आदिवासी, अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC) या किसी भी वर्ग के आरक्षण और अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उनके मुताबिक कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
विकास कार्यों को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर उठ रहे सवालों पर रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल को भूल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय विपक्षी विधायकों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी जाती थीं। नेताम ने दावा किया कि वर्तमान सरकार पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों के क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है और कांग्रेस के आरोप निराधार हैं।





