बलौदाबाजार जिले के ग्राम बिनौरी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में मृतक की पत्नी, बड़े भाई और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने गमछे से गला घोंटकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च की रात ग्राम बिनौरी निवासी 37 वर्षीय रामकुमार साय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी मीना बाई साय ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या (हॉमीसाइडल) पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना बाई साय, बड़े भाई महावीर साय और वैभव उर्फ अंशु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में तीनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि मृतक अत्यधिक शराब पीता था और आए दिन परिवार में विवाद करता था। साथ ही वह अपनी ही बेटी पर बुरी नजर रखता था, जिससे पूरा परिवार परेशान था। इसी कारण तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।
29 मार्च की रात को मृतक के सो जाने के बाद गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में साक्ष्य छुपाने के लिए गमछों को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुएं से 3 गमछे और पत्थर बरामद किए हैं। साथ ही मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ षड्यंत्र और साक्ष्य छुपाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।





