July 23, 2026

बस्तर का बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन, गृह मंत्रालय की राष्ट्रीय रैंकिंग में मिली बड़ी उपलब्धि

जगदलपुर। बस्तर जिले के बोधघाट थाना ने पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की एनुअल पुलिस स्टेशन रैंकिंग-2025 में बोधघाट थाने को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन घोषित किया गया है। अपराध नियंत्रण, कम्युनिटी पुलिसिंग और नवाचार सहित कई महत्वपूर्ण मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर थाने को यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

जानकारी के अनुसार, बोधघाट थाना अपराध नियंत्रण, एनडीपीएस मामलों में प्रभावी कार्रवाई, कम्युनिटी पुलिसिंग, पुलिस स्टेशन मैनेजमेंट, इनोवेशन इन पुलिसिंग और एक्सीलेंस इन पुलिसिंग जैसे प्रमुख मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहा। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने थाने का चयन किया।

यह उपलब्धि पूरे बस्तर पुलिस के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बस्तर रेंज के इतिहास में पहली बार किसी थाने को राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ के सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन का सम्मान प्राप्त हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि तत्कालीन थाना प्रभारी लीलाधर राठौड़ के नेतृत्व में किए गए प्रभावी कार्यों तथा वर्तमान थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान और पूरी पुलिस टीम के समन्वित प्रयासों से यह सफलता संभव हुई। पुलिस विभाग ने इसे जन-केंद्रित, पेशेवर और परिणाम आधारित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।