आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोसमखूंटा नहर में एक युवक की लाश तैरती हुई मिली। बाद में पुलिस ने उसकी पहचान उमेश पाल (26) के रूप में की, जो गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के पटेवा गांव का रहने वाला था और पिछले रविवार से लापता था।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने नहर में एक शव तैरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया गया कि वह काफी समय से पानी में था, जिससे शरीर फूल चुका था।
ऐसे हुई पहचान
जांच के दौरान मृतक के दाहिने हाथ में मौली धागा और पास में बाइक की चाबी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क किया। गोबरा नवापारा से परिजन पहुंचे, जिन्होंने हुलिया और कद-काठी के आधार पर शव की पहचान उमेश पाल के रूप में की।
पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा
पुलिस की शुरुआती जांच में मौत का कारण डूबना सामने आया है, लेकिन मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। शव के पास बाइक की चाबी मिलने के बावजूद बाइक का पता नहीं चल पाया है, जिसे लेकर पुलिस तलाश में जुटी है। पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।





