कटघोरा। कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो बांध में छलांग लगाने वाले 24 वर्षीय युवक रंजीत यादव का 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बताया जा रहा है कि रंजीत अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए बांगो डैम पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच बांध के बीच में छलांग लगाकर आगे निकलने की शर्त लगी, जिसके बाद रंजीत ने पानी में छलांग लगा दी। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। टीम ने देर शाम तक बांध में सर्चिंग की, लेकिन रंजीत का कोई पता नहीं चल सका। पानी के तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। इसके बाद सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद दोबारा युवक की तलाश शुरू की गई।
बांगो बांध के 9 गेट खुले, नदी-नाले उफान पर
इधर, भारी बारिश के चलते बांगो बांध का जलस्तर 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध के कुल 9 गेट खोले जा चुके हैं। टरबाइन समेत बांध से करीब 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इसके चलते आसपास के नदी-नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
कोरिया और सूरजपुर जिले में हुई भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। तटीय क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को नदी-नालों और बांध के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
सीतामढ़ी में घरों में घुसा पानी
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में हरदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी किनारे बसे करीब 10 घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन और राहत टीमों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





