March 4, 2026

कांकेर में सामूहिक घर वापसी, 50 से अधिक परिवारों के 200 लोगों ने छोड़ा ईसाई धर्म

कांकेर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में धर्मांतरण से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कांकेर जिले के पीढ़ापाल गांव में रविवार को 50 से अधिक परिवारों के करीब 200 लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर सामूहिक रूप से घर वापसी की। इस दौरान 25 गांवों के समाज प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

समाज के वरिष्ठों की उपस्थिति में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गंगाजल छिड़क कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ लोगों की मूल धर्म में वापसी कराई गई। पूरे आयोजन को सम्मान और सामाजिक एकता के साथ संपन्न कराया गया।


🔹 25 गांवों के समाज प्रमुख रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में पीढ़ापाल, धनतुलसी, मोदे, साल्हेभाट, किरगापाटी और तरांदुल गांव समेत आसपास के इलाकों के ग्रामीण शामिल हुए। बताया गया कि इन परिवारों ने लंबे समय तक समाज के साथ संवाद और आपसी सहमति के बाद स्वेच्छा से अपने पारंपरिक धर्म और संस्कृति में लौटने का निर्णय लिया


🔹 बाकी परिवार भी जल्द लौटेंगे

सर्व समाज के सदस्य ईश्वर कावड़े ने बताया,

“यह समाज की एकजुटता का परिणाम है। आज 50 परिवारों के 200 से अधिक लोग वापस लौटे हैं। अभी क्षेत्र में 3–4 परिवार और बचे हैं, जिन्होंने भी वापसी की इच्छा जताई है और वे जल्द अपने मूल धर्म में लौटेंगे।”


🔹 प्रशासन की पैनी नजर

इतने बड़े पैमाने पर हुई घर वापसी को लेकर पूरे बस्तर क्षेत्र में चर्चा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति का माहौल है और समाज के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।