कोरबा। पंचवटी इलाके में हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती पर चाकू से हमला करने वाले मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च की सुबह करीब 10:45 बजे पंप हाउस निवासी आशा खेवरार ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसका इलाज जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। करीब एक महीने की जांच के बाद पुरानी बस्ती धनवार पारा निवासी शक्ति कुमार साहीस (19) और उसके नाबालिग साथी की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। घटना वाले दिन वह अपनी गर्लफ्रेंड को मारने के इरादे से चाकू लेकर निकला था। रास्ते में उसने आशा खेवरार को मोबाइल पर बात करते देखा और गुस्से में आकर उस पर हमला कर दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





