July 29, 2026

Durg-Bhilai-Rajandgaon News Update: बीएसपी में 30 हजार करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट, करोड़ों की ठगी के मामलों में कार्रवाई

बीएसपी में 30 हजार करोड़ से अधिक का एक्सपेंशन प्रोजेक्ट

भिलाईनगर। महारत्न कंपनी सेल अपनी तीन बड़ी यूनिटों — भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी), इस्को बर्नपुर और बोकारो स्टील प्लांट में बड़े स्तर पर एक्सपेंशन और मॉडर्नाइजेशन प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। बीएसपी के लिए करीब 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव है। इस परियोजना के बाद बीएसपी की उत्पादन क्षमता 3.5 मिलियन टन बढ़कर 10 मिलियन टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।

इस मेगा प्रोजेक्ट से भिलाई और पूरे छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। वहीं इस्को बर्नपुर में 35 हजार करोड़ रुपये तथा बोकारो स्टील प्लांट में 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश से उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाएगी। तीनों संयंत्रों के विस्तार के बाद सेल का कुल उत्पादन 22 मिलियन टन तक पहुंच जाएगा।

बीएसपी में रेलवे ट्रैक उत्पादन बढ़ाने के लिए यूनिवर्सल रेल मिल की तर्ज पर नई आधुनिक रेल मिल स्थापित करने की योजना है। रेल एंड स्ट्रक्चरल्स मिल पुरानी हो चुकी है। नई मिलों के जरिए रेलवे की बढ़ती मांग के अनुसार रेलपांत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

रेलवे प्रोजेक्ट से बीएसपी को मिलेगा बड़ा फायदा

केंद्र सरकार ने हाल ही में 23,437 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन बड़े रेलवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के तहत 901 किलोमीटर नई रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। इससे बड़ी मात्रा में रेलपांत की जरूरत होगी और इसका बड़ा लाभ बीएसपी को मिलने की संभावना है।

बीएसपी में पहले से शुरू हो चुकी है तैयारी

नए एक्सपेंशन प्रोजेक्ट के लिए बीएसपी प्रबंधन ने कई विभागों को सेक्टर-1 में शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। इसके तहत जनसंपर्क विभाग, सेंट्रल रजिस्ट्री, प्रोटोकॉल, पास सेक्शन और गैराज को स्थानांतरित किया जा रहा है। परियोजना के लिए सेक्टर-3 और सेक्टर-4 का कुछ हिस्सा प्रभावित होगा।

भूमिहीन मजदूर योजना में 17 लाख की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत हितग्राहियों की राशि फर्जी खातों में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जनपद पंचायत स्तर पर उपलब्ध लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग कर 107 हितग्राहियों की 17.10 लाख रुपये से अधिक की राशि अपने नियंत्रण वाले खातों में ट्रांसफर कर दी।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि धमधा क्षेत्र के 44 हितग्राहियों के करीब 4.50 लाख रुपये तथा पाटन क्षेत्र के 63 हितग्राहियों के लगभग 12.60 लाख रुपये फर्जी खातों में स्थानांतरित किए गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऑनलाइन पोर्टल में वास्तविक बैंक खातों की जगह अपने खातों का विवरण दर्ज कर शासकीय राशि हासिल की। शिकायत के बाद आरोपी दीपक कुमार यादव और लिलेश्वर यादव उर्फ रवि को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं।

बीएसपी कर्मी से 38.30 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। ज्यादा मुनाफे का लालच देकर बीएसपी कर्मी से 38.30 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को भट्टी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है।

प्रार्थी संतोष कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी मैच्योर होने के दौरान उसकी मुलाकात कथित बीमा एजेंट के. देवासहायम से हुई थी। आरोपी ने नई पॉलिसी और ज्यादा रिटर्न का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में 31.30 लाख रुपये जमा करवा लिए। इसके अलावा लगभग 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी खरीदवाए गए।

जब पीड़ित ने दस्तावेज मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के. रवि कुमार और के. राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

दुर्ग पुलिस को मिले 39 नए वाहन

भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस को 35 नए इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं। स्कूल शिक्षा एवं विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव ने पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में आयोजित कार्यक्रम में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डायल-112 सेवा को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस करते हुए फेस-2 नेक्स्ट जेन मॉडल के रूप में विकसित किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम में त्वरित रिस्पांस प्रणाली और हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी दी।

शिक्षा विभाग में अटैचमेंट व्यवस्था खत्म

दुर्ग। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने जिले के सभी स्कूलों में शिक्षकों के संलग्नीकरण (अटैचमेंट) आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शिक्षकों को तत्काल मूल स्कूल में कार्यमुक्त कर भेजा जाए।

डीईओ ने चेतावनी दी है कि आदेश के बाद भी कोई शिक्षक संलग्न पाया गया तो संबंधित शिक्षक और संस्था प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 25 मई तक पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

एम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी

राजनांदगांव। एम्स रायपुर में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 10.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घुमका थाना पुलिस ने आरोपी कमलनारायण साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता ओमकार वर्मा ने आरोप लगाया कि आरोपी ने वर्ष 2024 में एम्स अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग लोगों से रकम ली थी। बाद में पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और धमकी देने लगा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।