May 18, 2026

Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: बीएसपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, उत्पल दत्ता हटे, एबी श्रीनिवास को टाउन सर्विसेस की जिम्मेदारी

भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए सीजीएम टाउन सर्विसेस उत्पल दत्ता को हटाकर प्लांट के अंदर भेज दिया है। उनकी जगह एबी श्रीनिवास को जीएम इंचार्ज टाउन सर्विसेस बनाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, टाउनशिप में रिटेंशन सहित अन्य मुद्दों को लेकर बढ़ते असंतोष और अशांत माहौल के बीच यह फैसला लिया गया है। पहली बार सांसद और विधायक—वह भी अलग-अलग दलों से—टाउन सर्विसेस के मुद्दे पर खुलकर विरोध में उतरे और अनशन तक किया।

हालांकि, प्रबंधन ने इस बदलाव के पीछे आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया है। बावजूद इसके, टाउनशिप में रिटेंशन को लेकर रिटायर्ड कर्मचारियों, व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों में नाराजगी बनी हुई है।

अन्य अफसरों के प्रभार में भी बदलाव

नए आदेश के तहत कई अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं—

  • योगेश शास्त्री को सीजीएम यूआरएम का अतिरिक्त प्रभार
  • विशाल गुप्ता को जीएम प्रोजेक्ट
  • जेएन ठाकुर को सीजीएम एचआर की जिम्मेदारी
  • हरीश कुमार सचदेव को सीजीएम एमआरडी बनाया गया

डीपीएस भिलाई में नए प्रिंसिपल का चयन अप्रैल मध्य तक

भिलाईनगर। डीपीएस भिलाई के प्रिंसिपल प्रशांत वशिष्ठ 31 मार्च को रिटायर हो रहे हैं। 30 मार्च को उनका विदाई समारोह आयोजित होगा।

नए प्रिंसिपल के चयन तक वाइस प्रिंसिपल अमजद हसन जंजानी को प्रभार सौंपा गया है। चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अप्रैल मध्य तक पूरी होने की संभावना है।

तांदुला जलाशय से छोड़ा गया 1200 क्यूसेक पानी, तालाब भरेंगे

दुर्ग। गिरते भूजल स्तर और निस्तारी संकट को देखते हुए तांदुला जलाशय से 1200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के लगभग 800 तालाब भरे जाएंगे।

जल संसाधन विभाग ने लोगों से पानी के दुरुपयोग से बचने की अपील की है और मैदानी अमले को निगरानी के निर्देश दिए हैं।

एफएसएनएल की 30 मार्च की हड़ताल स्थगित

भिलाईनगर। एफएसएनएल में 30 मार्च को प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई सुलह बैठकों के बाद यह निर्णय लिया गया।

यूनियन ने कहा कि सकारात्मक वार्ता को देखते हुए फिलहाल हड़ताल टाली जा रही है।

डाकघरों में विदेशी पार्सल बुकिंग की सुविधा

भिलाईनगर। दुर्ग संभाग के प्रमुख डाकघरों में अब विदेशी पार्सल और दस्तावेज भेजने की सुविधा उपलब्ध है। यह सेवा आम नागरिकों और व्यापारियों के लिए किफायती और सुरक्षित विकल्प मानी जा रही है।

डोंगरगढ़ के बूढ़ादेव पहाड़ी में भीषण आग, देर रात पाया काबू

डोंगरगढ़। बूढ़ादेव पहाड़ी में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई, जो तेजी से फैलती चली गई। चार घंटे तक प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे हालात बिगड़ गए।

बाद में वन विभाग की टीम ने पहुंचकर रात करीब 9 बजे आग पर काबू पाया। घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।