भिलाईनगर। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के हथखोज स्थित एक यार्ड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई में भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से करोड़ों रुपए के लोहे की चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने यार्ड से भारी मात्रा में चोरी का लोहा, एक ट्रक, दो हाइवा, एक जेसीबी और एक क्रेन जब्त की है। मामले में खुर्सीपार निवासी ट्रांसपोर्टर संजय सिंह का नाम सामने आया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार के मुताबिक मंगलवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि एके ट्रेडर्स यार्ड में बड़े पैमाने पर बीएसपी से चोरी का लोहा डंप किया जा रहा है। सूचना पर एएसपी सुखनंदन राठौर, सीएसपी प्रशांत पैकरा, टीआई अंबर सिंह और पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर बड़ी मात्रा में बीएसपी का लोहा लोड हाइवा और अन्य मशीनरी मिली। पूछताछ में यार्ड संचालक के रूप में संजय सिंह का नाम सामने आया। देर रात पुलिस ने उसके खुर्सीपार स्थित घर पर छापा मारा, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस को आशंका है कि उसे कार्रवाई की भनक लग गई थी।
प्रमाण पत्र प्रकरण में लापरवाही, सहायक ग्रेड-2 निलंबित
भिलाईनगर। नगर निगम भिलाई में जाति और मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करने में लापरवाही बरतने पर सहायक ग्रेड-2 नवीन कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत की।
जांच में सामने आया कि एससी, एसटी और ओबीसी परिवारों की पहचान के लिए गठित समिति की बैठकों के बावजूद आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक मानते हुए आयुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता माना। निलंबन अवधि में साहू का मुख्यालय जोन-4 कार्यालय रहेगा।
उर्स मेले से चोरी ई-रिक्शा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। कोतवाली पुलिस ने चोरी की ई-रिक्शा बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की ई-रिक्शा बरामद हुई है।
प्रार्थी प्रताप गोस्वामी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जून 2024 में उर्स मेले के दौरान उनकी ई-रिक्शा चोरी हो गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चाणक्य कुमार निवासी बोरी नगपुरा और गोविंद यादव निवासी सुपेला को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने चोरी कबूल कर ली।
फेक मैरिज थीम कार्यक्रम पर बवाल, रिसॉर्ट संचालक गिरफ्तार
दुर्ग। जेवरा सिरसा क्षेत्र स्थित कोशी एयरो क्लब एंड रिसॉर्ट में प्रस्तावित “फेक मैरिज थीम” कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय ग्रामीणों और हिंदू युवा मंच ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट मैनेजर ब्रह्मदत्त पांडे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्यक्रम 30 मई को विवाहित जोड़ों के लिए आयोजित होना था।
राजस्थान के साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने फर्जी वाट्सएप डीपी के जरिए 20 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी करने वाले राजस्थान के अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं।
मामले में सुंदर नगर निवासी यश बत्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी के डायरेक्टर की फोटो लगाकर फर्जी वाट्सएप प्रोफाइल बनाई गई और कंपनी के खाते से 20 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए गए। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर कमीशन के आधार पर साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर और निकासी करते थे। आरोपी रायपुर में ठिकाने बदल-बदलकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
खैरागढ़ के जंगल में पक्षियों और वन्यजीवों की रहस्यमयी मौत से हड़कंप
खैरागढ़। दल्लीखोली-लछना जंगल में एक जलस्रोत के आसपास बड़ी संख्या में पक्षियों और वन्यजीवों के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
वन्यजीव प्रेमी मुकेश वर्मा ने जंगल भ्रमण के दौरान कई मृत पक्षियों और जानवरों को देखा, जिनमें मोर, एशियन पाम सिवेट, रुफस ट्रीपाई और जंगल आउलेट जैसे दुर्लभ पक्षी शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि जलस्रोत में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने से यह मौतें हुई होंगी।
वन विभाग ने मौके से पानी और अन्य नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।





