March 3, 2026

Budget 2026 : शिक्षा-AI-डिफेंस पर बड़ा फोकस, PM मोदी बोले– अपार अवसरों का हाईवे, ममता बनर्जी ने बताया दिशाहीन

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में रिकॉर्ड 9वीं बार Union Budget 2026 पेश किया। बजट भाषण में उन्होंने शिक्षा, तकनीक, महिला सशक्तिकरण और रक्षा क्षेत्र को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।

वित्त मंत्री ने उच्च शिक्षा के नए संस्थान, यूनिवर्सिटी टाउनशिप के विकास, हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल और टेलीस्कोप इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि देश के हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाया जाएगा।

किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त करने के लिए सरकार ने ‘भारत विस्तार’ नामक वर्चुअली इंटीग्रेटेड AI सिस्टम लॉन्च करने की घोषणा की।

डिफेंस को अब तक का सबसे बड़ा बजट

बजट 2026 में रक्षा क्षेत्र के लिए सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा आवंटन किया है। आंकड़ों के मुताबिक डिफेंस सेक्टर के लिए 7.8 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

PM मोदी की प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट को “अपार अवसरों का हाईवे” बताते हुए कहा कि यह भारत की वैश्विक भूमिका को मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा, “भारत केवल सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर संतुष्ट नहीं है। हमारा लक्ष्य दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है।”

PM मोदी ने बजट को विकसित भारत 2047 के लिए मजबूत आधार बताते हुए कहा कि इससे आत्मनिर्भर भारत को नई गति मिलेगी और टेक्सटाइल सेक्टर के लिए भी नई योजनाएं लाई गई हैं।

ममता बनर्जी का हमला

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बजट की कड़ी आलोचना करते हुए इसे “दिशाहीन और हम्प्टी-डम्प्टी बजट” करार दिया।
उन्होंने कहा कि बजट के बाद सेंसेक्स 1000 अंक गिरा, जिससे इसकी कमजोरियों का पता चलता है। ममता ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है।