July 23, 2026

बलरामपुर में बुलडोजर एक्शन: 23 मकान हटाकर 7.75 एकड़ शासकीय भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

बलरामपुर। जिले के रामचंद्रपुर क्षेत्र में प्रशासन ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 मकानों को हटाकर करीब 7 एकड़ 75 डिसमिल भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित भूमि का अभिलेखीय परीक्षण, सीमांकन और विस्तृत सर्वेक्षण कराया गया। इसके बाद कब्जाधारियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर भी प्रदान किया गया।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आनंद राम नेताम के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने निर्धारित तिथि पर कार्रवाई शुरू की। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में 23 मकानों से अतिक्रमण हटाकर लगभग 7.75 एकड़ शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

अतिक्रमण हटाने के बाद मुक्त कराई गई भूमि को पुनः शासकीय अभिलेखों के अनुरूप सुरक्षित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में इस भूमि का उपयोग जनहित और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और अतिक्रमण के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जनहित की भूमि को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।