महुआडांड़/रायपुर। झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ से झारखंड जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि 87 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों की संख्या की प्रशासनिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक जताया है और अधिकारियों को त्वरित राहत व बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
🚨 मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,
“छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर बलरामपुर के समीप हुई भीषण दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक की इस घड़ी में मैं दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया है। समन्वय के साथ कार्य संचालित किए जा रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना में 87 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 27 घायलों का इलाज कार्मेल अस्पताल और 60 घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों के बेहतर उपचार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
🚌 सगाई कार्यक्रम में जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से यात्रियों को लेकर झारखंड में आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। ओरसा घाटी के घुमावदार और ढलान भरे रास्ते पर पहुंचते ही चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार लगभग सभी यात्रियों को चोटें आईं, जबकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
🚑 ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, फिर पहुंचा प्रशासन
दुर्घटना के बाद सबसे पहले स्थानीय ग्रामीण राहत कार्य में जुटे। उन्होंने घायलों को बस से बाहर निकाला और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद महुआडांड़ के एसडीएम विपिन कुमार दुबे के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया।
महुआडांड़, गारू और नेतरहाट से एंबुलेंस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
📌 प्रशासन कर रहा पुष्टि और जांच
एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 80 से अधिक घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। सभी की चिकित्सकीय जांच के बाद मृतकों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और हादसे की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।





