नहर में बहता मिला गांजा, 17 पैकेट जब्त
गरियाबंद जिले में गांजा तस्करी का अनोखा मामला सामने आया है, जहां मोहतरा से अतरमरा के बीच नहर में गांजा से भरे पैकेट बहते हुए देखे गए। सूचना मिलते ही पाण्डुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक-एक कर कुल 17 पैकेट बरामद किए।
68 किलो से ज्यादा गांजा, कीमत करीब 7 लाख रुपए
पुलिस के अनुसार बरामद पैकेटों में करीब 68 किलो से अधिक गांजा होने की आशंका है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 7 लाख रुपए आंकी गई है। यह नहर नेशनल हाईवे-130 से करीब 5 किलोमीटर दूर फिंगेश्वर वितरक शाखा क्षेत्र में स्थित है।
तस्करों का नया तरीका, जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजा से भरे पैकेट नहर में फेंक दिए होंगे। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह तस्करी का नया तरीका तो नहीं।





