July 23, 2026

CCPL-3 का आज से आगाज, मौनी रॉय की परफॉर्मेंस से सजेगी ओपनिंग सेरेमनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) के तीसरे सीजन का शुभारंभ बुधवार से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला रात 9 बजे रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। इससे पहले शाम 7 बजे आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री Mouni Roy अपने विशेष प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

इस बार भी टूर्नामेंट में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। 12 दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में फाइनल सहित कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रदेशभर के 114 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

छह टीमों के बीच होगी खिताब की जंग

CCPL-3 में भाग लेने वाली टीमें हैं:

  • Raipur Rhinos
  • Rajnandgaon Panthers
  • Bilaspur Bulls
  • Sarguja Tigers
  • Raigarh Lions
  • Bastar Bisons

दिलचस्प रहा है लीग का इतिहास

साल 2024 में खेले गए पहले सीजन में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं पिछले सीजन का फाइनल बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसके चलते रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।

दर्शकों के लिए फ्री एंट्री

आयोजकों ने दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा है। हालांकि स्टेडियम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। टिकट बुकिंग के बाद दर्शकों को मैच वाले दिन फिजिकल टिकट प्राप्त करना होगा।

हर मैच में इनाम जीतने का मौका

CCPL-3 में दर्शकों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान कुल 11 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और दो टू-व्हीलर दिए जाएंगे।

  • ओपनिंग डे और फाइनल डे पर एक-एक टू-व्हीलर पुरस्कार।
  • दोनों दिनों 10-10 विजेताओं को कुल 2 लाख रुपये प्रतिदिन नकद इनाम।
  • 4 जून से 12 जून तक प्रत्येक मैच में 10 दर्शकों को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार।

लकी ड्रॉ इनिंग ब्रेक के दौरान निकाला जाएगा और विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ी रंग में रंगेगा टूर्नामेंट

इस बार CCPL की थीम “खेले बढ़िया-छत्तीसगढ़िया” रखी गई है। टूर्नामेंट में पहली बार क्रिकेट प्रशंसकों को छत्तीसगढ़ी भाषा में लाइव कमेंट्री सुनने का अवसर मिलेगा, जिसे यूट्यूब पर प्रसारित किया जाएगा।

IPL तक पहुंचने का मंच

आयोजकों के अनुसार CCPL प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। पिछले वर्षों में इस लीग के कई खिलाड़ियों को पहचान मिली है और IPL ऑक्शन तक पहुंचने का अवसर मिला है।

क्रिकेट, मनोरंजन, इनाम और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संगम के साथ CCPL-3 इस बार दर्शकों के लिए पहले से अधिक रोमांचक और यादगार होने वाला है।