May 15, 2026

रायपुर में जनगणना 2027 की ऑनलाइन स्व-गणना शुरू, सीएम विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ

विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनगणना 2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर प्रदेशवासियों को इस राष्ट्रीय कार्य में भागीदारी का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत में विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान संचालित हो रहा है और छत्तीसगढ़ में भी आज से इसकी ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना को डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुलभ बनेगी।

उन्होंने जानकारी दी कि 1 मई 2026 से जनगणना का पहला चरण प्रारंभ होगा, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर मकानों, उनकी स्थिति, उपयोग और बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट एवं संचार व्यवस्था से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। यह कार्य 30 मई तक पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाएं तैयार करती है, ताकि सभी वर्गों तक विकास का लाभ पहुंच सके।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी दें। साथ ही आश्वस्त किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव एवं जनगणना के नोडल अधिकारी मनोज कुमार पिंगुआ, कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह, संचालक जनगणना कार्तिकेय गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।