रायपुर। छत्तीसगढ़ की सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी लगातार हादसों का कारण बन रही है। ताजा मामला सिमगा के पास नेशनल हाईवे से सामने आया है, जहां जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी की इनोवा कार हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि उनकी कार अचानक सामने आई गाय से जा टकराई। हादसे में सत्यलता मिरी और उनके ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात रही कि दोनों सुरक्षित हैं।
नेशनल हाईवे पर अचानक सामने आई गाय
जानकारी के मुताबिक, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी अपनी कार CG 04 QG 8506 से नेशनल हाईवे के रास्ते रायपुर आ रही थीं। इसी दौरान करीब दोपहर 12 बजे सड़क पर अचानक गाय सामने आ गई, जिससे कार की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सत्यलता मिरी और उनके ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। टक्कर के बाद गाय सड़क पर कुछ देर तक बेसुध पड़ी रही। हालांकि कुछ समय बाद वह उठकर वहां से चली गई।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी पर हाईकोर्ट भी गंभीर
गौरतलब है कि नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी को लेकर पहले भी गंभीर सवाल उठते रहे हैं। हाल ही में हाईकोर्ट ने नेशनल हाईवे पर गायों की मौजूदगी के मामले में संज्ञान लेते हुए सुनवाई की थी और प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद सड़कों और हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी हादसों का बड़ा कारण बनी हुई है।





