May 17, 2026

CG Accident News: पीपरटोला घाट में 60 फीट खाई में गिरा ट्रैक्टर, चालक की मौत; पांच नाबालिग सवार

कवर्धा जिले के पीपरटोला घाट में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बिरझूनगर निवासी मनीराम बैगा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, घटना कुकदूर थाना क्षेत्र स्थित पीपरटोला घाट में उस समय हुई जब ट्रैक्टर घाटी पार कर रहा था। वाहन में चालक सहित पांच नाबालिग सवार थे।

हादसे में एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।