बालोद/भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद और कांकेर जिले में बीते 24 घंटे के दौरान हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। भानुप्रतापपुर में बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, वहीं बालोद में अज्ञात वाहन ने एक अधेड़ को अपनी चपेट में ले लिया।
भानुप्रतापपुर में ट्रक से टकराई बाइक, एक की मौत
भानुप्रतापपुर। थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ग्राम किनारी से तीन लोग बाइक पर सवार होकर दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीटी ढाबा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे बाइक जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तिलक कमेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रमिता कमेटी और जमुना मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
भानुप्रतापपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन ने अधेड़ को मारी टक्कर, मौके पर मौत
बालोद। जिले के सोरर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान ननकी विश्वकर्मा (56), पिता बंसी विश्वकर्मा, निवासी ग्राम लिमोरा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ननकी विश्वकर्मा करहीभदर से अपने गांव लिमोरा लौट रहे थे। इसी दौरान सोरर गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।





