धमतरी/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को धमतरी और बलरामपुर जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं बलरामपुर में गिट्टी से लदा हाईवा पलटने से चार गायों की भी मौत हो गई।
अंतिम संस्कार में जा रहे दंपति की दर्दनाक मौत
धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में पंडरीपानी-खड़मा गांव के बीच अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम और उनकी पत्नी कुमारी बाई नेताम की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि प्रेमलाल अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दुगली गांव जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
कार-बाइक भिड़ंत में युवक की मौत, तीन युवतियां घायल
धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के देवपुर के पास कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक के दोनों पैर कट गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में तीन युवतियां घायल हुई हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बलरामपुर में बस और ट्रेलर की टक्कर, कई यात्री घायल
बलरामपुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर हल्लाहाल पुल के पास यात्री बस और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बस बलरामपुर से अंबिकापुर जा रही थी। दुर्घटना में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
गिट्टी से लदा हाईवा पलटा, चार गायों की मौत
बलरामपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर अधौरा स्थित आकाश एग्रो के सामने गिट्टी से लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कच्चे मकान पर पलट गया।
हादसे में सड़क किनारे बैठी चार गायें गिट्टी के नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मकान में सो रहे दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





