छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया है। एक ओर जांजगीर-चांपा में तीन ट्रेलरों की आपसी टक्कर में चालक की जलकर मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर सूरजपुर में बेकाबू पिकअप ने बाइक सवारों को रौंद दिया। दोनों घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
तीन ट्रेलरों में टक्कर, चालक की जलकर मौत
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा-बलौदा मेन रोड पर कोटगढ़ के पास सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर में आग लग गई और चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
हादसे में एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
पिकअप ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत
सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुतिया नाला के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा दो लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं।
गंभीर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
घटना से नाराज लोगों ने पिकअप चालक की पिटाई कर दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप पहले जप्त अवैध धान लेकर लौट रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।





