Khairagarh। गंडई-छुईखदान मुख्य मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। नर्मदा के पास शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर जा रही एक गाय को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गाय ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई और मौके पर तड़पती रही।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, बढ़ा तनाव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक सरकारी शराब से लदा हुआ था और चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। घटना के बाद कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस और प्रशासन पर लोगों का गुस्सा
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि शराब से भरे भारी वाहन तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आम लोगों और मवेशियों की जान खतरे में पड़ रही है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं घायल गाय को ट्रक के नीचे से निकालने का प्रयास किया गया।
ड्रिंक एंड ड्राइव का केस नहीं
थाना प्रभारी Rajesh Devdas ने बताया कि ट्रक चालक की ब्रेथ एनालाइज़र जांच में अल्कोहल स्तर 12 mg/100 ml पाया गया, जो कानूनी सीमा से नीचे है। इसी वजह से ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज नहीं किया गया। हालांकि लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई है।





